चर्चित सर्जन डॉ. शिव शंकर महतो की हालत गंभीर, नर्स की मौत
सीतामढ़ी : जिले के मशहूर डॉक्टर को बेखौफ अपराधियों ने नर्सिंग होम में घूसकर गोली मार दी। घटना के दौरान नर्सिंग होम में मौजूद एक नर्स को भी गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार की रात 12ः30 बजे की बताई जा रही है।
चर्चित सर्जन डॉ. शिव शंकर महतो को अपराधियों ने राजोपट्टी स्थित उनके निजी नर्सिंग होम में घुसकर गोली मारी। घटना के बाद आनन-फानन में जख्मी हालत में डॉक्टर को बगल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल डॉक्टर को तीन गोलियां लगी है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सीतामढ़ी के सदर एसडीपीओ रमाकांत उपाध्याय मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गए हैं। वहीं घटनास्थल पर देर रात कई थानों की पुलिस पहुंची।
घटना के विषय में बताया जा रहा है कि डॉ. शिव शंकर महतो देर रात करीब 12ः30 बजे अपने क्लीनिक लौटे थे। वे नर्सिंग होम के कैंपस में गाड़ी पार्क कर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना में नर्स की मौत हो गई है।
जिले में हुई गोलीबारी की घटना पर सीतामढ़ी के एसपी हर किशोर राय ने बताया कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।
रिपोर्ट : अमर नाथ सहगल


















