बाघमारा: जिले के रामकनाली ओपी अंतर्गत जमुआटांड़ पंचायत के श्रीधरपुर बस्ती के ग्रामीणों ने कई महीनों से जन वितरण प्रणाली दुकान से राशन नहीं मिलने पर पीडीएस संचालक के खिलाफ विरोध जताया. दुकान के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. साथ ही नारेबाजी भी की. मौके पर बाघमारा बीडीओ सुनील कुमार प्रजापति, जिला परिषद सदस्य इसराफील लाला, जमुआटॉड़ पंचायत मुखिया निरंजन गोप लोगों की समस्या को जानने पहुंचे.
बीडीओ ने बताया कि पीडीएस संचालक मुकेश कुमार गुप्ता का दो महीने से राशन आवंटन नहीं हुआ. जिसको लेकर उन्होंने आवेदन दिया है. आवेदन को सुधार हेतु अग्रसारित कर दिया गया है. इसमें सुधार होते ही राशन का वितरण पहले की तरह सुचारू रूप से किया जाएगा.
वहीं जिप सदस्य मो. इसराफिल ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द अगर राशन वितरण पुनः सुचारू रूप से नहीं किया जाता है. तो वह इसको लेकर जिला स्तर पर उग्र आंदोलन करेंगे. मामले को लेकर उपायुक्त और डीएसओ से भी मुलाकात कर मामले की जानकारी देंगे. साथ ही जरूरत पड़ी तो रणधीर वर्मा चौक पर मामले को लेकर धरना प्रदर्शन भी करेंगे.
उन्होंने कहा कि जमुआटांड़ में भी राशन के अभाव में इसी महीने विगत दिनों अर्जुन महतो नमक वृद्ध की भुखमरी से मौत हो गई थी. जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि पंचायत में राशन नहीं मिलने से क्या स्थिति बनी हुई हैं? साथ ही जिप सदस्य ने सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गरीबों के राशन वितरण में अनियमितता बरती जाती है। तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्टः सूरजदेव मांझी







