धनबाद. सुदामडीह थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर झरिया-चंदनकियारी मुख्य मार्ग पर मोहलबनी ग्राउंड के पास से कोयला लदे 12 ट्रकों को जब्त कर वाहन चालक और मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बताया जा रहा है कि कोयला लदे ट्रकों की जांच में कई गड़बड़ियां पायी गयी, जिसमें ट्रकों का परिवहन चालान 7 नवंबर को ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद कोयला का परिवहन जारी था।
जांच के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों और जिला खनन पदाधिकारी को दी। जब्त किए गए ट्रकों में JH 10AQ5155, JH10AA9367, JH10AG4075, JH10AW5898, JH10AB1922, JH10AB5616, JH10AL5014, JH02AH0668, JH10AX3600, JH10AW4150, JH10AD7311 और JH 10Y 7122 शामिल हैं।
सुदामडीह थाना प्रभारी के अनुसार उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि इन ट्रकों के चालान की वैधता समाप्त होने के बावजूद कोयला का अवैध तरीके से परिवहन किया जा रहा है। जांच में यह भी बात सामने आयी कि ट्रक मालिक और चालक ने समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कोयला का परिवहन जारी रखा, जिससे राजस्व को नुकसान पहुंचा है। जिला खनन पदाधिकारी द्वारा जांच प्रतिवेदन सौंपने के बाद ट्रकों के खिलाफ अवैध कोयला परिवहन का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी देते हुए जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि सभी ट्रकों द्वारा नियमों के विरुद्ध कार्य किए गए हैं। 7 तारीख की शाम तक ही चालान के अनुसार उन्हें परिवहन करना था। बावजूद 8 तारीख तक परिवहन की बातें सामने आई है, जो कि झारखंड मिनिरल्स नियम 2017 के प्रावधानों के विरुद्ध है। यह पूर्ण रूप से अवैध है और इसमें थाना स्तर से प्राथमिक दर्ज होनी चाहिए। कोयला लदा ट्रक बीसीसीएल के निश्चितपुर कोलियरी से निकला था और रघुनाथपुर थर्मल पावर स्टेशन पुरुलिया जा रहा था। सभी ट्रकों में करीब 24 टन कोयला लोड था।
बता दें कि, इस तरह के नियम विरुद्ध कार्य करने पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी किए गए हैं, जिसमें अवैध खनन के भंडारण और परिवहन पर पूर्णत रोक लगाने को लेकर सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी को आदेश निर्गत है।
सचिन सिंह और राजकुमार जायसवाल की रिपोर्ट



















