Bokaro Crime Gold Jewellery Fraud, बोकारो: चास थाना क्षेत्र के गरगा पुल के पास सिविल ड्रेस में पहुंचे दो अज्ञात युवकों पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला से सोने के आभूषण उतरवाने और उन्हें लेकर फरार होने का आरोप लगा है। घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता ने चास थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की पहचान सेक्टर-4 निवासी ऊषा लोढा, पत्नी शांतिलाल लोढा के रूप में हुई है।
शोक व्यक्त कर टोटो से चास लौट रही थीं महिला
जानकारी के अनुसार, ऊषा लोढा सेक्टर-4 स्थित स्वर्गीय मदन लाल डागा के आवास पर शोक व्यक्त करने गई थीं। वहां से वह टोटो रिजर्व कर चास लौट रही थीं। गरगा पुल के पास सिविल ड्रेस में मौजूद दो युवकों ने टोटो को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और आईकार्ड भी दिखाया। युवकों ने महिला से कहा कि आगे हत्या की घटना हुई है और लोग एक-दूसरे का सामान छीन रहे हैं। ऐसे में उन्होंने महिला को अपने सभी आभूषण उतारकर सुरक्षित रखने की सलाह दी।
आईकार्ड दिखाने के बाद महिला ने उतारे गहने
महिला ने शुरुआत में युवकों की बात पर ध्यान नहीं दिया। लेकिन दोनों के बार-बार कहने और आईकार्ड दिखाने के बाद उन्होंने अपनी सोने की चेन और छह सोने की चूड़ियां उतार लीं। महिला उन्हें रुमाल में रखने लगीं। इसी दौरान दोनों युवकों ने मदद करने के बहाने आभूषण लेकर रुमाल में बांधने की बात कही। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान आभूषणों में हेरफेर कर दोनों युवक वहां से फरार हो गए कुछ देर बाद महिला को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
टोटो चालक ने भी बताई पूरी घटना
टोटो चालक ओमप्रकाश ने बताया कि वह दो महिला यात्रियों को लेकर सेक्टर-4 से चास जा रहा था। गरगा पुल के पास दो सिविल ड्रेस में लोगों ने टोटो रोकने का इशारा किया। चालक के अनुसार, शुरुआत में उसने वाहन नहीं रोका। इसके बाद दोनों युवकों ने पीछा कर टोटो को साइड में रुकवाया और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए लाइसेंस दिखाने को कहा। चालक ने सिविल ड्रेस में होने के कारण पहचान नहीं पाने की बात कही और अपना लाइसेंस दिखाया। इसी दौरान दूसरे व्यक्ति ने महिलाओं से बातचीत शुरू कर दी। चालक के अनुसार, इसी बीच दोनों आरोपी आभूषण लेकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पीड़िता और टोटो चालक चास थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Jamshedpur Encounter: सोनारी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो शूटर घायल


















