सिमडेगाः मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एस.एस बालिका उच्च विद्यालय, सिमडेगा में 11वीं राष्ट्रीय महिला जूनियर हॉकी प्रतियोगिता 2021 का शुभारंभ किया, मौके पर मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का शिलान्यास और परिसंपत्तियों का वितरण किया और 79 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपा.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति दे रही है, सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सब जूनियर टूर्नामेंट का आयोजन कुछ माह पूर्व ही सम्पन्न हुआ है. अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है. देश भर से हॉकी खिलाड़ियों का आगमन सिमडेगा में हुआ है. देश की जो बच्चियां जो देश-विदेश में अपना जौहर दिखाती है, आज वे सिमडेगा की धरती पर है. इससे झारखण्ड के खिलाड़ियों को सीखने का अवसर मिलेगा.
27 करोड़ की 25 योजनाओं का शिलान्यास
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 27 करोड़ की 25 योजनाओं का शिलान्यास और 32 करोड़ की 35 योजनाओं का उद्घाटन किया. 28 करोड़ से अधिक की कुल 6 योजनाओं के जरिये 990 लाभुकों को लाभान्वित किया गया. स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के स्वावलंबन हेतु बकरी, मुर्गी, सुकर पालन हेतु आर्थिक सहायता दी गई. कुल 101.590 करोड़ की योजनाओं उद्घाटन, शिलान्यास और परिसंपत्तियों का वितरण किया.


















