Dhanbad Governor Visit, धनबाद: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार को धनबाद पहुंचे। वे पूर्वाह्न करीब 10:40 बजे बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर उतरे। एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन और आइआइटी-आइएसएम के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था से संबंधित व्यापक तैयारियां की गयी थीं। राज्यपाल के स्वागत के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब और अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
आइआइटी-आइएसएम के अधिकारियों ने भी किया स्वागत
जिला प्रशासन के साथ-साथ आइआइटी-आइएसएम की ओर से भी राज्यपाल के स्वागत की व्यवस्था की गयी थी। संस्थान के निदेशक टेक्सीम प्रो. धीरज कुमार और रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय एयरपोर्ट पर उपस्थित रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद जिला प्रशासन की ओर से राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात वे सड़क मार्ग से आइआइटी-आइएसएम के लिए रवाना हुए। राज्यपाल को संस्थान के गोल्डन जुबली लेक्चर थिएटर और पेनमैन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होना था।
एयरपोर्ट से संस्थान तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
राज्यपाल के दौरे को लेकर बरवाअड्डा हवाईअड्डे से आइआइटी-आइएसएम तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गये थे। एयरपोर्ट परिसर, कारकेड मार्ग, संस्थान परिसर, प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गयी थी। सुरक्षा व्यवस्था में सशस्त्र बल और लाठी बल को भी लगाया गया था। अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया था। प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी, ताकि राज्यपाल के कारकेड के आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

कारकेड मार्ग पर एंटी-सबोटाज टीम सक्रिय
राज्यपाल के कारकेड के सुरक्षित और निर्बाध आवागमन के लिए यातायात पुलिस तथा मोबाइल पेट्रोलिंग दल लगातार निगरानी करते रहे। मार्ग की सुरक्षा जांच के लिए एंटी-सबोटाज चेकिंग टीमें भी सक्रिय रहीं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जीवनरक्षक उपकरणों और चिकित्सक दल से लैस एंबुलेंस को कारकेड के साथ रखा गया था। इसके अलावा शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल यानी एसएनएमएमसीएच के गहन चिकित्सा केंद्र को भी अलर्ट मोड पर रखा गया। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गयी थी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करायी जा सके।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
राज्यपाल के धनबाद आगमन के दौरान एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार और सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन और आइआइटी-आइएसएम के अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी की। राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने विभिन्न स्तरों पर समन्वय बनाकर तैयारियां पूरी की थीं, जिससे उनका दौरा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया जा सके।
यह भी पढ़ें: Coal India Incentive Scheme: कर्मचारियों को वैधानिक दक्षता प्रमाणपत्र पर मिलेगा ₹1 लाख का प्रोत्साहन



















