रांची: नई दिल्ली में 24 मई को नीति आयोग की शासी निकाय (गवर्निंग काउंसिल) की 10वीं बैठक आयोजित की जाएगी। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी हिस्सा लेंगे।
इस बैठक में झारखंड सरकार का नगर विकास विभाग ‘विकसित भारत 2047’ पहल के अंतर्गत राज्य का रोडमैप प्रस्तुत करेगा। यह रोडमैप देश के भविष्य की दिशा में राज्य की भूमिका और प्राथमिकताओं को रेखांकित करेगा। साथ ही पिछली यानी नौवीं बैठक में उठाए गए विषयों पर अमल की स्थिति दर्शाने वाली एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) भी बैठक में रखी जाएगी।
नगर विकास विभाग ने यह रिपोर्ट योजना एवं विकास विभाग को पहले ही भेज दी है। एटीआर में उल्लेख किया गया है कि नौवीं बैठक के दौरान मुद्रा ऋण योजना और पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी आधार के विस्तार पर जोर दिया गया था। इसका उद्देश्य हाशिए पर रहने वाले समुदायों तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
नीति आयोग की यह बैठक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच सहकारिता, समावेशी विकास और साझा प्राथमिकताओं पर विमर्श का मंच है। इसमें भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में नीति-निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण चर्चाएं होने की संभावना है।



















