पिकअप वैन सवारों ने पुलिस पर किया हमला, हथियार छीनने की कोशिश, दो गिरफ्तार

373
पिकअप वैन सवारों ने पुलिस पर किया हमला, हथियार छीनने की कोशिश, दो गिरफ्तार
पिकअप वैन सवारों ने पुलिस पर किया हमला, हथियार छीनने की कोशिश, दो गिरफ्तार
Advertisment

रांची: चुटिया थाना क्षेत्र स्थित पटेल चौक के पास सोमवार देर शाम एक पिकअप वैन सवार लोगों ने पीसीआर-21 में तैनात दो पुलिस कर्मियों, एएसआई रामेश्वर उरांव और आरक्षी मनोज कुमार सिंह को कुचलने की कोशिश की। जब पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो चालक और उसके साथी ने फोन कर अपने आठ-दस सहयोगियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की और उनका हथियार छीनने की कोशिश की।

Advertisment

घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देख सभी आरोपी फरार हो गए। हालांकि, देर रात पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों, राजू कुमार और दीपू सोनकर को गिरफ्तार कर लिया।

एएसआई रामेश्वर तिग्गा के बयान पर चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि घटना 17 मार्च की शाम करीब 7:15 बजे की है, जब वे सिरमटोली जाने वाले रास्ते में गुरुनानक मेडिसिन के पास ड्यूटी पर थे। तेज गति से आती पिकअप वैन को संदिग्ध मानते हुए उन्होंने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन रोकते ही बहस करने लगा। इसके बाद उसने किसी को फोन किया और कुछ ही देर में आठ-दस लोग वहां पहुंच गए, जिन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

हंगामे के बीच एक आरोपी ने एएसआई रामेश्वर तिग्गा का सरकारी हथियार छीनने की भी कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख एएसआई तिग्गा ने तुरंत चुटिया थाना की पुलिस से मदद मांगी। पुलिस के पहुंचते ही सभी आरोपी फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए पिकअप वैन व हमलावरों की तस्वीरें खींच ली थीं, जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Advertisement