डिजिटल डेस्क : पीएम मोदी ने दिल्ली में फूंका चुनावी बिगुल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली में फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ ही अशोक विहार स्थित स्वाभिमान अपार्टमेंट में झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास परियोजना के तहत लाभार्थियों को फ्लैटों की चाबियां सौंपने के क्रम में अपने अंदाज में चुनावी बिगुल फूंका।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा – ‘बीते 10 वर्षों से दिल्ली एक बड़ी ‘आप-दा’ से घिरी है। अन्ना हजारे जी को सामने करके कुछ कट्टर बेईमान लोगों ने दिल्ली को आप-दा में धकेल दिया। शराब के ठेकों में घोटाला, बच्चों के स्कूल में घोटाला, गरीबों के इलाज में घोटाला, भर्तियों के नाम पर घोटाला… ये लोग दिल्ली के विकास की बात करते थे, लेकिन ये लोग आप-दा बनकर दिल्ली पर टूट पड़े हैं’।
पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी को ‘आप-दा’ बताते हुए जमकर साधा निशाना
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी (आप) को ‘आप-दा’ बताते हुए जमकर सियासी निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि –‘… मैं तो दिल्ली वालों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने वाली ‘आयुष्मान भारत’ योजना का लाभ देना चाहता हूं। आप-दा सरकार को दिल्ली वालों से बड़ी दुश्मनी है। पूरे देश में आयुष्मान योजना लागू है, लेकिन इस योजना को आप-दा वाले यहां (दिल्ली) लागू नहीं होने दे रहे।
इसका नुकसान दिल्ली वालों को उठाना पड़ रहा है। …विकसित भारत बनाने में बहुत बड़ी भूमिका हमारे शहरों की है। जहां दूर-दूर से लोग सपने लेकर आते हैं और बड़ी ईमानदारी से उन सपनों को पूरा करने में जिंदगी खपा देते हैं। इसलिए केंद्र की भाजपा सरकार शहरों में रहने वाले हर परिवार को क्वालिटी ऑफ लाइफ देने में जुटी है’।

शीशमहल की चर्चा कर अरविंद केजरीवाल को भी अपने संबोधन में पीएम मोदी ने सीधे निशाने पर लिया
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी सीधे निशाने पर लिया और उनके शीशमहल को लेकर तंज कसे। पीएम मोदी ने कहा कि – ‘…देश भाली-भांति जानता है कि मोदी ने कभी अपने लिए घर नहीं बनाया है। लेकिन बीते 10 वर्षों में चार करोड़ से अधिक गरीबों को घर देकर उनका सपना पूरा किया है।
…मैं भी कोई शीश महल बना सकता था, लेकिन मेरे लिए तो मेरे देशवासियों को पक्का घर मिले यही एक सपना था। मैं आप सबको भी कहता हूं कि आप जब भी लोगों के बीच जाएं लोगों से मिले और अभी भी जो लोग झुग्गी झोपड़ी में रहते हैं, मेरे तरफ से उनको वादा करके आना, मेरे लिए आप ही मोदी हैं, आप वादा करके आना आज नहीं तो कल उनके लिए पक्का मिलेगा।
…ये वर्ष विश्व में भारत में अंतरराष्ट्रीय छवि को और सशक्त करने का होगा। ये वर्ष भारत को दुनिया का बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का वर्ष होगा। ये वर्ष युवाओं को नए स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप में आगे बढ़ाने का होगा। ये वर्ष कृषि क्षेत्र में नए कीर्तिमानों का होगा। ये वर्ष ईज ऑफ लिविंग और क्वालिटी ऑफ लाइफ बढ़ाने का होगा।
…साल 2025 अनेक संभावनाओं को लेकर आ रहा है। दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ हमारी यात्रा इस वर्ष और तेज होने वाली है। आज भारत दुनिया में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता का प्रतीक बना है। 2025 में भारत की यह भूमिका और सशक्त होगी’।

स्वाभिमान अपार्टमेंट योजना के तहत लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी देकर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने ये कहा…
स्वाभिमान अपार्टमेंट योजना के तहत लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी देने के बाद उनसे सीधा संवाद साधते हुए पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि – ‘…यह आपकी नई शुरुआत है। बोले, किराये की जगह अपना घर… यह शुरुआत ही तो है। यह आत्म सम्मान का घर है। यह नई आशाओं और नए सपनों का घर है।
…मैं सभी की खुशियों में आपके उत्सव का हिस्सा बनने ही मैं आज यहां आया हूं। आज जब यहां आया तो काफी पुरानी यादें ताजा होना बहुत स्वभाविक है। आप में से शायद कुछ लोगों को पता होगा जब आपातकाल का समय था, देश इंदिरा गांधी के तानाशाही रवैये के खिलाफ लड़ रहा था। उस समय मेरे जैसे बहुत साथी अंडरग्राउंड मूवमेंट का हिस्सा थे।
उस समय आशोक विहार मेरे रहने का स्थान हुआ करता था। …आज जब मैं यहां आया हूं, तो कई पुरानी यादें याद आना स्वाभाविक है। जब देश इंदिरा गांधी की तानाशाही के खिलाफ लड़ रहा था, तो मेरे जैसे कई लोग जो भूमिगत आंदोलन का हिस्सा थे, उनके लिए अशोक विहार एक रहने की जगह हुआ करती थी…’।


















