रांची: खूंटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने झारखंड सरकार और कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा अपने वादों को निभाया है, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने जनता को धोखे में रखा। उन्होंने झारखंड के वरिष्ठ आदिवासी नेता कड़िया मुंडा और भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा की सराहना करते हुए कहा कि ये नेता अपने साफ-सुथरे छवि और जनता के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा ने 2014 के चुनावी वादों को भी पूरी तरह से निभाया है और यह दावा किया कि पार्टी का घोषणा पत्र हमेशा उसके कार्यों का प्रतिबिंब रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जातिगत जनगणना के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
उन्होंने 2011 में हुई सामाजिक-आर्थिक और जातीय जनगणना का जिक्र किया और बताया कि उस जनगणना में लगभग 46 लाख जातियां, उपजातियां और गोत्र सामने आए थे। बावजूद इसके, कांग्रेस ने उस रिपोर्ट को कभी सार्वजनिक नहीं किया। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से सवाल किया कि अगर वे जातिगत जनगणना की वकालत कर रहे हैं, तो उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे लाखों जातियों और उपजातियों को किस प्रकार आरक्षण का लाभ देंगे।
उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने ब्लूप्रिंट और रोडमैप के साथ जनता के सामने आएं। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए इस मुद्दे को उठा रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने भाजपा की विश्वसनीयता पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी ने कभी जनता के साथ विश्वासघात नहीं किया है। उन्होंने झारखंड की जनता से अपील की कि वे भाजपा को समर्थन दें ताकि राज्य और देश के विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके।
सभा के दौरान राजनाथ सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी और कहा कि बिरसा मुंडा का योगदान न केवल झारखंड बल्कि पूरे भारत के लिए अमूल्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी समुदाय और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है।