नालंदा : नालंदा में बदमाशों ने पूर्व के विवाद को लेकर मंगलवार को एक युवक की धारदार हथियार से गला रेत हत्या कर दी। मामला रहूई थाना क्षेत्र अंतर्गत इमामगंज गांव का है। मृतक की पहचान भुवनेश्वर कुमार के (34) वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार के रूप में किया गया है। रंजीत कुमार दिल्ली में एयरफोर्स में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। छठ पर्व को लेकर छुट्टी लेकर गांव आया था।
घटना के संबंध में मृतक रंजीत कुमार के बड़े भाई धर्मवीर कुमार ने बताया कि 15 दिन पूर्व कूड़ा फेंकने के विवाद में गोतिया के लोगों से झगड़ा हुआ था। उस वक्त भी थाने में आवेदन दिया गया था। हालांकि दोनों पक्ष के बीच समझौता हो गया था। परिजन ने बताया कि रंजीत कुमार मंगलवार को घर में अकेले था और वह जब गांव के गली में था। तभी गोतिया के लोगों ने उसकी गर्दन रेत दिया और मौके से फरार हो गया। घर के सभी परिवार बाजार गए हुए थे।
वहीं इस घटना के बाद आनन-फानन में आस-पड़ोस के लोगों के द्वारा रंजीत को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कवरेज कर रहे मीडियाकर्मी से परिजन उलझ पड़े। डॉक्टर द्वारा रंजीत को मृत घोषित करने के बावजूद भी परिजन इलाज के लिए शव को अपने साथ लेकर चले गए। घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना अध्यक्ष नंदन कुमार दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। हालांकि तब तक परिजन रंजीत के शव को लेकर सदर अस्पताल से चले गए। थाना अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल घटना कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। गोतिया पर हत्या का आरोप लग रहा है, पूर्व से भूमि विवाद चला आ रहा है।
रजनीश किरण की रिपोर्ट







