Desk. पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक लड़की की शादी रचाई। दरअसल, डकैतों ने उसकी शादी के आभूषण, नकदी और कीमती सामान लूट लिए थे। साथ ही उसके भाई की भी हत्या कर दी थी। ऐसे में परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसके बाद पुलिस ने उस परिवार का सहारा बनते हुए लड़की की शादी करवाई।
डकैतों ने लूट लिए पूरे सामान तो पुलिस बनी सहारा
जानकारी के अनुसार, गोंडा के डिक्सिर गांव में यूपी एसटीएफ और गोंडा पुलिस ने एक बेटी की शादी की जिम्मेदारी ली, जिसकी शादी के आभूषण, नकदी और कीमती सामान 24 अप्रैल को डकैतों ने लूट लिए थे। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने दुल्हन के भाई की भी कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से परिवार आर्थिक तंगी में आ गया और प्रस्तावित शादी भी टूटने की कगार पर पहुंच गई।
ऐसे में पुलिस शादी के लिए परिवार का सहारा बनी और मानवता की मिसाल कायम की। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की पत्नी ने पीड़ित के घर पहुंचकर एक लाख रुपये की आर्थिक मदद की। इसके साथ ही एसटीएफ ने लड़की की शादी संपन्न कराने की जिम्मेदारी भी ली। तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने 65 हजार नकद, एक इन्वर्टर और अन्य सामान भेंट किया। वहीं दुल्हन की मां और गांव वाले पुलिस की मदद और सहयोग की तारीफ कर रहे हैं।
दुल्हन के भाई की भी कर दी थी हत्या
जानकारी के अनुसार, 24-25 अप्रैल की रात डिक्सिर गांव में लूट और डकैती के दौरान बदमाशों ने दुल्हन के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद पुलिस ने घटना में शामिल दो बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया था। अन्य तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था और एक आरोपी ने सरेंडर कर दिया था।



















