गया : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सलेमपुर मोहल्ला में अपराधियों ने बंद मकान से नगदी सहित लगभग साढ़े 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी कर ली. घटना के समय पूरा परिवार छठ पूजा में शामिल होने के लिए गांव गया हुआ था. घटना के बाद घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है.
पीड़ित व्यक्ति मनोज कुमार ने बताया कि पड़ोसियों ने सूचना दी कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है. जिसके बाद पूरा परिवार पहुंचा. अंदर जाकर देखा तो घर के सभी कमरे का दरवाजा का ताला टूटा हुआ है और अलमारी भी टूटा हुआ पाया गया. इस दौरान सारे सामान बिखरे पड़े थे.
इस घटना में 9 लाख के सोने-चांदी के जेवरात एवं डेढ़ लाख रुपए नकदी की चोरी हुई है. साथ ही कई आवश्यक कागजात भी गायब हैं. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व पूरे परिवार के साथ जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में छठ पूजा के लिए गए हुए थे. साथ ही मकान में एक रेंटर को भी कुछ कमरा दिए हुए है. उसके कमरे में भी चोरी की घटना हुई है.
घटना की सूचना मुफस्सिल थाना को दी गई है. पुलिस आकर पूरे मामले की छानबीन में जुटी है. उन्होंने कहा कि पूर्व में भी चोरी की घटना को अंजाम आसपास के कुछ लोगों के द्वारा दिया गया था. जिन्हें चिन्हित कर स्थानीय थाना में नामजद भी किया गया था. जिसके बाद उन लोगों के द्वारा बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी. उन्होंने कहा कि वे मुजफ्फरपुर जिले में पंचायत रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत है.
पीड़ित ने प्रशासनिक अधिकारियों से घटना में शामिल चोरों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है. वहीं घटना स्थल पर पहुंचे मुफस्सिल थाना के एसआई पारस शाह ने कुछ भी कहने से इनकार किया.
रिपोर्ट : राममूर्ती पाठक

















