रांची: झारखंड में मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 16 जिलों में दोपहर बाद मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश और वज्रपात की चेतावनी जिन जिलों में दी गई है, उनमें राजधानी रांची के साथ खूंटी, रामगढ़, गुमला, सिमडेगा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, देवघर, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा और दुमका जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 7 मई से मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी बढ़ेगी। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में दोपहर बाद वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश हुई। रांची में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई।
तापमान का हाल:
फिलहाल राज्य के किसी भी जिले में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया है। सोमवार को सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर में 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है, हालांकि पिछले 24 घंटे में इसमें 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम है।
बारिश का आंकड़ा:
लोहरदगा में सोमवार को दो मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग का कहना है कि आज वज्रपात और बारिश के बाद बुधवार से मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।



















