डिजीटल डेस्क : Uttar Pradesh – अतिवृष्टि से हुई जनहानि पर CM Yogi गहरे व्यथित, प्रभावित परिजनों को तुरंत 4-4 लाख की मदद। CM Yogi आदित्यनाथ ने प्रदेश में अतिवृष्टि के कारण मकान गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
CM Yogi ने दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं। CM Yogi ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मैनपुरी में 5 लोगों की मौत, तत्परता से राहत कार्य का निर्देश
CM Yogi आदित्यनाथ ने अतिवृष्टि से प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारीगण क्षेत्र का भ्रमण कर राहत कार्यों पर नजर रखें। आपदा से प्रभावित लोगों को अनुमन्य आर्थिक सहायता अविलम्ब प्रदान की जाए।
CM Yogi ने निर्देशित किया कि जलभराव की स्थिति में प्रभावित इलाकों में प्राथमिकता पर जल निकासी की व्यवस्था करायी जाए। इसके लिए आवश्यकतानुसार पम्प आदि लगाकर जल जमाव की समस्या का समाधान किया जाए। आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचायी जाए।
राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार 12 सितम्बर, 2024 को अतिवृष्टि से जनपद मैनपुरी की तहसील कुरावली में 2 तथा भोगांव में 3 जनहानि हुई हैं।
कासगंज में आफत बनी बारिश, 3 की मौत और दर्जनों आशियाने जमींदोज
कासगंज में दो दिन से लगातार हो रही बारिश से कई स्थानों पर लोगों के घर गिर गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना से घरों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। पटियाली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला चक निवासी रूप किशोर की गुरुवार को सुबह से हो रही बारिश से झोपड़ी से पानी नीचे गिरने लगा।
वह अपनी पत्नी 45 वर्षीय मीरा देवी के साथ झोपड़ी से निकलकर घर मे पड़े टिन शेड के नीचे जाकर बैठ गए। अचानक टिन शेड की दीवार पति-पत्नी के ऊपर गिर गई। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की तरफ भागे। लोगों ने आनन-फानन मलबा हटाना शुरू किया। दोनों को निकालकर स्वास्थ केंद्र ले गए। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मीरा देवी को मृत घोषित कर दिया।
रूप किशोर की हालत नाजुक देखते हुए रेफर कर दिया। घटना से परिवार में चीत्कार मच गई। ग्राम प्रधान मुनीस कुमार ने घटना की सूचना उपजिलाधिकारी कुलदीप सिंह को दी। सूचना पर उपजिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार मुकेश कुमार को मौके पर भेजा। उन्होंने क्षति का आंकलन किया।

ब्रज में बारिश से 7 मौत, ढह गए मकान और धंसीं सड़कें तो पुल में भी आई दरारें
ब्रज क्षेत्र मे 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने कहर बरपा दिया है। आगरा, मथुरा, मैनपुरी, एटा और फिरोजाबाद जिलों में कहीं लोगों को घर गिर गए तो कहीं स्कूल का भवन ढह गया। पुलों पर भी दरारें आ गईं। खबर लिखे जाने तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि दर्जनभर से अधिक लोग घायल हैं।
आगरा में हो रही लगातार बारिश से लोग घरों में कैद हैं। पुराने शहर में बारिश से सात जर्जर खाली पड़े मकान गिर गए। लोहामंडी में दो बाइक सवार युवक नाले में बह गए। मुश्किल से उनकी जान बची। टेढ़ी बगिया क्षेत्र में नाला ढहने से सड़क किनारे खड़ा ट्रक नाले में गिर पड़ा। ट्रक चालक घायल है।
सिकंदरा हाइवे से लेकर एमजी रोड, यमुना किनारा पर पानी भरा है। बुधवार रात मारुति एस्टेट चौराहा के पास सड़क के गड्डे में पानी भरने से कार दुर्घटना ग्रस्त हो गई। शास्त्रीपुरम, बोदला, शाहगंज रोड पर भी सुबह बारिश में वाहन भिड़ गए। जिला प्रशासन ने खराब मौसम का हाई अलर्ट जारी किया है।
आगरा देहात क्षेत्र में खारी नदी के पुल में जगह-जगह दरारें पड़ गईं हैं। मथुरा में बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त है। नौहझील क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय की दीवार भरभराकर गिर गई। बारिश के कारण बच्चे न होने से स्कूल में बड़ा हादसा टल गया।


















