Desk. मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार 18 फरवरी को सेवानिवृत हो रहे हैं। इसको लेकर देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर कवायत शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि नए मुख्य चुनाव आयुक्त के सिलेक्शन को लेकर 17 फरवरी को बैठक बुलाई गई है। इसमें पीएम मोदी, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के अलावा नेता विपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे।
Highlights
राजीव कुमार के नेतृत्व में कई चुनाव संपन्न
राजीव कुमार साल 2022 में मुख्य निर्वाचन आयुक्त बने थे। उनके नेतृत्व में 2024 में लोकसभा चुनाव संपन्न हुआ। इसके अलावा कई राज्यों में विधानसभा चुनाव भी हुए। इसमें, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, झारखंड और दिल्ली विधानसभा चुनाव शामिल है।
कौन होंगे नए मुख्य चुनाव आयुक्त?
अब तक सबसे सीनियर चुनाव आयुक्त को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में प्रमोट किया जाता रहा है। राजीव कुमार के बाद ज्ञानेश कुमार सबसे सीनियर चुनाव आयुक्त हैं। उनका कार्यकाल 26 जनवरी 2029 तक है। ऐसे में उन्हें नया मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया जा सकता है। हालांकि, कमेटी की सिफारिश के बाद राष्ट्रपति अगले मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति करेंगी।
ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। फिलहाल वे चुनाव आयुक्त के पद पर काम कर रहे हैं। पिछले साल 31 जनवरी 2024 को कुमार अमित शाह के अधीन आने वाले सहकारिता मंत्रालय में सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए। वे अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के समय अमित शाह के नेतृत्व वाले गृह मंत्रालय में कश्मीर डिवीजन के संयुक्त सचिव के रूप में तैनात थे।