हेमंत सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर बीजेपी ने आरोप पत्र का किया विमोचन
रांची : लूट, छूट और भ्रष्टाचार- हेमंत सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आरोप पत्र का विमोचन किया गया. आरोप पत्र का विमोचन प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने किया. मौके पर दीपक प्रकाश ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के कुशासन की कुछ झलकियां हमारे सोशल मीडिया के माध्यम से दिखाया गया है. भारतीय जनता पार्टी की कमेटी जब आरोप पत्र बनाने बैठी, तब अनेक मुद्दे थे.
अपनी नाकामी छिपा रहे हैं मुख्यमंत्री
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लूट, छूट और भ्रष्टाचार से लिप्त तीन साल की सरकार है. मैं भी अब तक अपने राजनीतिक जीवन में ऐसी भ्रष्ट सरकार नहीं देखा. आज भी समाचारों में दिखा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कह रहे हैं कि कोरोना की वजह से हम काम नहीं कर पाए. ये सरकार झूठ बोल रही है, अपनी नाकामी को छुपा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई काम हुए. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी नाकामी को छिपा रहे हैं.

सीएम हेमंत से दीपक प्रकाश ने पूछे कई सवाल
दीपक प्रकाश ने कहा कि कोरोना काल में छोटे-छोटे बच्चों ने ऑनलाइन पढ़ाई कर अच्छे रिजल्ट दिए, लेकिन ये सरकार विफल रही. ये सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी रही. मुख्यमंत्री के परिवार को लाभ पहुंचाने का काम किया. आज उनके इर्दगिर्द के लोग जेल में बंद हैं. उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि पंकज मिश्रा और अमित अग्रवाल से मुख्यमंत्री का संबंध क्या है ये बताएं? उनके पास जो संपत्ति है वो किनके हैं? बीडीओ और सीओ ऑफिस तक भ्रष्टाचार किस तरह बढ़ गया है ये बताएं. शराब बिक्री को लेकर राजस्व का जो नुकसान हो रहा है उसके जिम्मेदार कौन हैं. छत्तीसगढ़ के वो व्यवसायी कौन है जिसको लाभ पहुंचाने का काम किया गया है.
लूट, छूट और भ्रष्टाचार: युवाओं को दिखाया मुंगेरी लाल के हसीन सपने
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में आर्थिक अर्थव्यवस्था आज पूरी तरह से चरमराई हुई है. बजट के पैसे सही जगह पर खर्च नहीं हो रहे हैं. महंगी-महंगी गाड़ियों के काफिले बनाये जा रहे हैं. मंत्रियों के लिए घर बनाये जा रहे हैं. वहीं गरीबों को घर नहीं दिया जा रहा है. नौजवानों को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाया था कि साल में पांच लाख युवाओं को नौकरी देंगे लेकिन हजारों में भी नौकरी नहीं दिया.
नियोजन नीति को लेकर जलेबी की तरह कर रहे राजनीति
राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हम प्रकृति के पूजक झारखंडी हैं, लेकिन जंगल खनिज लूटने नहीं देंगे. नियोजन नीति को लेकर जलेबी की तरह मुख्यमंत्री राजनीति कर रहे हैं. युवाओं के आक्रोश अब सड़क पर है, इसका अंजाम सरकार को भुगतनी होगी. ओबीसी को आरक्षण को लेकर भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सीधे तौर पर उल्लंघन किया. सबसे अधिक कांग्रेस के सरकार में पिछड़ों को कुचला गया.
लूट, छूट और भ्रष्टाचार: तीन वर्ष में हुए 1 लाख 78 हजार 358 आपराधिक घटना
दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार के इस तीन वर्ष में 1 लाख 78 हजार 358 आपराधिक घटना हुए. देश के किसी राज्य में सबसे अधिक हत्या हो रहे हैं तो वो झारखंड है. कई जिलों के थानों में अपहरण के केस दर्ज नहीं हुए हैं. पांच हजार बहनों के साथ अनाचार और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया. आदिवासी बहनों को कई टुकड़ो में कर दिए गए. और मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि इस तरह की घटना घटती रहती है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शर्मसार किया है. वोट बैंक की खातिर सामाजिक स्थिति को बर्बाद करने में ये सरकार जुटी हुई है.
रिपोर्ट: मदन सिंह

















