रिपोर्टः राजकुमार जायसवाल/न्यूज 22स्कोप
धनबाद: लगातार बढ़ रही बेरोजगारी के दौर में ठगों की पौ बारह है. बेरोजगारों को ठगने के लिए नित्य नए तरीके निकाले जा रहे हैं और उसके शिकार बेरोजगार शिक्षित युवक युवतियां हो रहे हैं. ताजा मामला धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र का है. जहां एक नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी के चक्कर में यूपी से आए 7 युवक ठगी के शिकार बने. सभी से 45-45 हजार रुपये लिया गया. अब अपना पैसा वापस मांगने के लिए पुलिस की शरण में पहुंचे हैं. जहां पुलिस पूरे मामले में कुछ भी कहने से कतरा रही है. ठगी के शिकार युवकों ने बताया कि सभी युवक यूपी के अलग-अलग जिलों से हैं इन्हें फोन के माध्यम से 15 से 18 हजार प्रति माह के जॉब का लालच दिया गया. जब युवक धनबाद पहुंचे तो नेटवर्क मार्केटिंग के चक्कर में फस गए. महज एक वक्त का खाना देकर दिन भर काम करवाया जाता था. जब उन्होंने इसकी शिकायत स्थानीय गोविंदपुर थाने में की तो दो युवको का पैसा वापस किया गया. जबकि अन्य युवको का पैसा जो लगभग एक लाख 24 हजार है, अभी भी संचालकों ने नहीं दिया है. संचालक संस्थान बंद कर फरार हो गए हैं.







