रांची: रांची यूनिवर्सिटी ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा-2024 के आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले अंतिम तिथि सोमवार थी, लेकिन छात्रों की मांग और ओबीसी कैटेगरी को 5% अंकों की छूट के बाद 10 फरवरी तक आवेदन का मौका दिया गया है। सोमवार शाम तक 1900 से अधिक छात्रों ने फॉर्म जमा किए थे, और तिथि बढ़ने से और अधिक फॉर्म जमा होने की संभावना है।
पीएचडी प्रवेश परीक्षा का पैटर्न
पीएचडी प्रवेश परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें 70 अंकों का लिखित परीक्षा और 30 अंकों का इंटरव्यू शामिल है। लिखित परीक्षा में 20 अंक संबंधित विषय के होंगे, जो अभ्यर्थी द्वारा चुने गए विषय पर आधारित होंगे। 50 अंक मेथडोलॉजी से जुड़े सामान्य सवालों के लिए होंगे, जिसका सिलेबस सभी विषयों के लिए कॉमन रखा गया है।
संबंधित विषय के सवाल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सभी पीजी विभागों को निर्देश दिया है कि वे सात दिनों के भीतर बोर्ड ऑफ स्टडीज से सिलेबस के अनुसार सवालों की शॉफ्ट और हार्ड कॉपी जमा करें। वहीं, मेथडोलॉजी के सिलेबस पर सुझाव देने के लिए सभी संकायाध्यक्षों को शनिवार तक का समय दिया गया है।
बैठक में कई अहम फैसले लिए गए
सोमवार को कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पीएचडी प्रवेश परीक्षा से संबंधित कई निर्णय लिए गए। बैठक में डीएसडब्ल्यू प्रो. सुदेश कुमार साहू, प्रॉक्टर डॉ. मुकुंद मेहता, ओएसडी डॉ. रोहित श्रीवास्तव, और विभिन्न संकायों के डीन समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
यह निर्णय छात्रों को आवेदन का और अधिक समय देने के साथ-साथ परीक्षा की तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए लिया गया है।


















