पटना : बिहार की राजधानी पटना में मेट्रो का काम तेजी से जारी है। जल्द ही इसका ट्रायल रन होगा और फिर यह आम जनता के लिए खुल जाएगी। बिहार सरकार (Bihar Government) के नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार (Jibesh Kumar) ने मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक बन रहे रूट का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को काम समय पर पूरा करने का आदेश दिया। 15 अगस्त तक मेट्रो शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

पटना मेट्रो का पहला रूट 6.5 किलोमीटर लंबा
पटना मेट्रो का पहला रूट मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक होगा। यह लगभग 6.5 किलोमीटर लंबा होगा। इस रूट पर मलाही पकड़ी, जीरो माइल, खगौल मोड़, न्यू बाईपास और न्यू आईएसबीटी स्टेशन होंगे। न्यू आईएसबीटी के पास आठ लेन के ट्रैक के साथ एक डिपो भी बनाया गया है। यह रूट पटना के सबसे व्यस्त और तेजी से विकसित हो रहे बाईपास इलाके को कवर करेगा। इससे लंबी दूरी की बस सेवाओं और रिहायशी इलाकों को फायदा होगा।
परियोजना नहीं, यह जनता का सपना है
मंत्री जीवेश कुमार ने कहा कि पटना मेट्रो सिर्फ एक परियोजना नहीं है, यह जनता का सपना है। हम इसे समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं ताकि पटना भी दूसरे महानगरों की तरह सुविधा युक्त और स्मार्ट बन सके। उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पटना के लोगों के लिए एक बेहतर परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा। इससे शहर के विकास को भी गति मिलेगी। यह परियोजना पटना के लोगों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह भी देखें :
अलग-अलग कामों के लिए अलग-अलग समय सीमा तय
मेट्रो डिपो – यह लगभग पूरा होने वाला है। इसे 15 जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
स्टेशन निर्माण – स्टेशनों का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसे 30 जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
पटरी बिछाना और तकनीकी कार्य – यह काम अभी चल रहा है। इसे 30 जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
ट्रायल रन – मेट्रो का ट्रायल रन 15 जुलाई 2025 को होगा।
उद्घाटन – मेट्रो 15 अगस्त 2025 को जनता के लिए खुल जाएगी।
यह मेट्रो कई मायनों में है खास
8 लेन ट्रैक वाला मेट्रो डिपो – यह मेट्रो के रखरखाव, सफाई और शिफ्टिंग के लिए देश के सबसे अच्छे डिपो में से एक होगा।
ईको-फ्रेंडली ट्रैकिंग सिस्टम – यह कम बिजली की खपत करेगा, बिना आवाज के चलेगा और पर्यावरण के अनुकूल होगा।
यात्री सुविधाएं – इसमें ऑटोमैटिक टिकटिंग, सुरक्षा निगरानी और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं होंगी।
यह भी पढ़े : CM ने पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा, तेजी से पूर्ण करने का दिया निर्देश


















