Desk: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यह हादसा तब हुआ जब एक लॉरी और प्राइवेट ट्रैवल बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए।
बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही थी बस:
जानकारी के अनुसार निजी ट्रैवल्स की यह बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा होते हुए गोकर्ण जा रही थी। हादसा हिरियुर गोरलाट्टू क्रॉस के जवनगोंडानहल्ली इलाके में सुबह करीब 3 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लॉरी विपरीत दिशा से आ रही थी और अचानक बस से टकरा गई।
टक्कर के बाद बस में लगी आग:
लॉरी से टकराते ही बस से आग की लपटें उठने लगीं। यात्री जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। कई यात्री बस से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि वे उसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई।
लॉरी चालक समेत 9 लोगों की मौत:
अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में लॉरी चालक समेत कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाते हुए बचाव अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे।
12 घायल, अस्पताल में भर्ती:
हादसे में घायल हुए 12 यात्रियों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 9 घायलों को तुमकुरु के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारी का बयान:
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट कुमारस्वामी बीटी ने बताया बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक बस का एक्सीडेंट हो गया। एक लॉरी गलत दिशा से आ रही थी और बस से टकरा गई। इस दुर्घटना में लॉरी चालक की मौत हो गई है। शव को अस्पताल की मॉर्चरी में रखा गया है। यह हादसा लॉरी चालक की लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत होता है। मृतकों की पहचान की जा रही है।” फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
Highlights


