रांची: खेलगांव हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार की शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई जब 70 वर्षीय एक महिला से बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। यह घटना शाम करीब 7:35 बजे की है, जब पीड़िता लिट्टी खरीदकर अपने घर लौट रही थीं।
घटना के वक्त महिला हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के मेन गेट के पास पहुंची ही थीं कि तभी तेज रफ्तार में आये बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। झटका लगने से महिला सड़क पर गिर गई और घायल हो गईं। आस-पास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत संभाला और पुलिस को सूचना दी।
पीड़िता की शिकायत पर खेलगांव थाना की पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों का हुलिया और वाहन नंबर पता लगाने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और उन्होंने इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।


















