रांची: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 28 जुलाई से शुरू हो रहा है। सत्र के दौरान रांची पुलिस ने सुरक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विधानसभा सत्र के दौरान 600 से ज्यादा पुलिसकर्मी सड़क से लेकर संसद तक सुरक्षा में तैनात रहेंगे। विधानसभा तक दो दर्जन से ज्यादा बैरिकेडिंग की गई है।
विधानसभा के मानसून सत्र के लिए पुलिस ने सुरक्षा की तैयारियों को पुख्ता किया है। सत्र को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह हंगामेदार हो सकता है और कई मामलों को लेकर विधानसभा घेराव के कार्यक्रम भी पूर्व निर्धारित हैं। इसके चलते पुलिस ने पूरे परिसर में चार लेयर की सुरक्षा चक्र की व्यवस्था की है।
सुरक्षा के लिए 600 जवान के साथ-साथ 15 इंस्पेक्टर और 06 डीएसपी रैंक के अधिकारी भी निगरानी करेंगे। विधानसभा और उसके आस-पास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही है।
सुरक्षाकर्मियों को कई तरह के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की चूक न हो। विधानसभा के आस-पास बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था की गई है।
विधानसभा सत्र के दौरान आंदोलनकारियों के विशेष ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एक विशेष रणनीति बनाई है। उन्हें विस्थापित भवन के पास स्थित मैदान तक ही सीमित रहने का निर्देश जारी किया गया है।
झारखंड पुलिस ने सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं और खासकर हटिया, धुर्वा, नगड़ी, जगन्नाथपुर, डोरंडा और अरगोड़ा थाना को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। उन्हें नियमित सड़कों पर गस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
Highlights


















