रांची: राज्य में समग्र शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत पारा शिक्षक (सहायक अध्यापक) वेतनमान सहित अन्य मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन कर रहे हैं।
इस क्रम में एकीकृत सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर पारा शिक्षक 17 जून को रांची में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। पारा शिक्षकों ने इस घेराव कार्यक्रम में आने के लिए मंत्रियों को भी आमंत्रण पत्र सौंपा है।
सहायक अध्यापक सेवा शर्त नियमावली के प्रविधानों के लागू नहीं होने के विरोध तथा अपनी मांगों के समर्थन में पारा शिक्षक यह घेराव कार्यक्रम कर रहे हैं। पारा शिक्षकों के अनुसार, नियमावली के कुछ बिंदुओं पर सरकार अभी तक आगे नहीं बढ़ी है।
इनकी मांगों में पारा शिक्षकों को वेतनमान देने, ईपीएफ और अनुकंपा का लाभ देने, आकलन परीक्षा शीघ्र आयोजित करने, अप्रशिक्षित पारा शिक्षकों को प्रशिक्षण का एक और अवसर प्रदान करने, चार प्रतिशत वार्षिक मानदेय वृद्धि जनवरी 2023 से अविलंब देने, सीटेट को मान्यता प्रदान करने के लिए सहायक आचार्य नियुक्ति नियमावली मे संशोधन करने आदि सम्मिलित हैं।
मोर्चा के विनोद बिहारी महतो, संजय कुमार दुबे, ऋषिकेश पाठक आदि ने कहा कि घेराव कार्यक्रम में राज्यभर के पारा शिक्षक सम्मिलित होंगे।


















