ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर लाखों के जेवरात लेकर फरार हुए चोर

Giridih: जिले के तिसरी चौक पर बीती रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने सिदो-कान्हो चौक के ठीक सामने स्थित एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवरात उड़ा लिए। चोरी की यह वारदात दुकान के पीछे की दीवार काटकर अंजाम दी गई, जिससे इलाके में दहशत और व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

पीछे की दीवार काटकर घुसे चोर:

जानकारी के अनुसार, मिर्जागंज निवासी शक्ति स्वर्णकार (स्व. खिरो स्वर्णकार) की ज्वेलरी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। दुकान के मालिक ने बताया कि वे शनिवार शाम रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो देखा कि पीछे की दीवार में बड़ा छेद किया गया है और दुकान के भीतर रखा सारा सामान गायब है। दुकान के ठीक पीछे स्थित गिरजा मैदान की ओर से चोरों ने दीवार काटकर दुकान में प्रवेश किया और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

ढाई लाख से अधिक के जेवरात चोरी:

पीड़ित दुकानदार शक्ति स्वर्णकार के मुताबिक, दुकान में करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के पायल, नथिया समेत अन्य सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे, जो पूरी तरह चोरी हो चुके हैं। घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस व जनप्रतिनिधि:

चोरी की सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इसके अलावा झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बरनवाल, समाजसेवी राजकुमार शर्मा समेत कई स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

सीसीटीवी नहीं होने से बढ़ी चुनौती:

जानकारी के अनुसार ज्वेलरी दुकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिससे चोरों की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। हालांकि पुलिस आसपास के इलाकों से सुराग जुटाने और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस जांच में जुटीः

फिलहाल तिसरी पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

रिपोर्टः सागर गुप्ता

 

Jharkhand Onion Price Hike: रांची में प्याज के दाम ने रुलाया!...

Jharkhand Onion Price Hike: झारखंड में प्याज की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले करीब एक महीने में प्याज के...

Jamshedpur Football Meet: महिला फुटबॉल को नई उड़ान देने की तैयारी,...

Jamshedpur Football Meet: इंडियन विमेंस फुटबॉल फेडरेशन, नई दिल्ली की सालाना आम बैठक (AGM) जमशेदपुर में आयोजित की गई। इस बैठक में देश भर...

Bihar Mahila Rojgar Yojana: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से बदली जिंदगी,...

Bihar Mahila Rojgar Yojana: बिहार में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जीविका स्वयं सहायता समूहों और मुख्यमंत्री महिला रोजगार...