रांची: झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने राज्य के 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, गुरुवार 12 जून को इन जिलों में आंधी-तूफान के साथ वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
Highlights
आईएमडी ने बताया कि राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर बाकी इलाकों में बादल गरज सकते हैं और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में वज्रपात के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
इन जिलों में जारी किया गया येलो अलर्ट
कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, रांची, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज।
हालांकि पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिलों के लिए किसी प्रकार की चेतावनी नहीं जारी की गई है।
रांची में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रांची में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे, साथ ही गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
तापमान में बदलाव की उम्मीद
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन आने वाले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
पिछले 24 घंटे का आंकड़ा
सरायकेला में सबसे अधिक 5.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
डालटनगंज में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।