चतरा के टंडवा में कोल माइंस कार्यालय पर फायरिंग मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को रांची से गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में एक घायल हुआ।
Tandwa Firing Case टंडवा: उड़सू मोड़ स्थित सुशी चंद्रगुप्त कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय पर 23 अगस्त को हुई फायरिंग के मामले में टंडवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों विकास कुमार सिंह और स्वराज ठाकुर को रांची से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को रांची एयरपोर्ट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार विकास कुमार सिंह कुख्यात अपराधी राहुल दुबे के गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है।
Tandwa Firing Case:पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ विकास
एसपी अनिमेष नैथानी ने मंगलवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फायरिंग की घटना के बाद एसडीपीओ टंडवा प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान विकास कुमार सिंह की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। विकास ने पुलिस टीम पर दो बार फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने तीन गोलियां चलाईं। इस दौरान विकास घायल हो गया।
गिरफ्तार विकास सिंह के पिता का नाम विजय सिंह बताया गया है और वह सचिवालय कॉलोनी, डोरंडा का निवासी है। वहीं दूसरे आरोपी स्वराज ठाकुर के पिता का नाम वीरेंद्र ठाकुर है और वह असधी, कटकमसांडी, हजारीबाग का रहने वाला बताया गया है।
Key Highlights
टंडवा के कोल माइंस कार्यालय पर 23 अगस्त को हुई थी फायरिंग
पुलिस ने 24 घंटे के अंदर रांची से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी विकास कुमार सिंह घायल हुआ
विकास के कुख्यात राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने की जानकारी
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए
Tandwa Firing Case:फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
फायरिंग की घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले में फायरिंग के पीछे के कारण और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
छापेमारी अभियान में एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा, पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा, एसआई प्रभात कुमार, अमित कुमार, संदीप कुमार और पुलिस जवान शामिल थे।



















