रांची: राजधानी में भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शुक्रवार को पारा 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बिजली की आंख मिचौनी ने भी शहरवासियों को खूब परेशान किया।
शहर की जलापूर्ति व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। शुक्रवार शाम में दो घंटे तक बिजली गुल रहने से रूक्का वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट ठप हो गया। रात 8 बजे बिजली आई, तो लो वोल्टेज की वजह से मोटर नहीं चला।
ऐसे में टाउन लाइन में जलापूर्ति नहीं हुई। इस वजह से शहर की 4 लाख आबादी को पानी नहीं मिला। कोकर, लालपुर, हनुमान नगर, गाड़ी गांव, चुटिया, रांची रेलवे स्टेशन, कांटाटोली,बहुबाजार,लोवाडी,नामकुम,बूटी बस्ती,महावीर नगर,बीआईटी और इरबा क्षेत्र के लोग देर रात तक पानी के इंतजार में जगे रहे।
रूक्का प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि रात में मोटर चलने के बाद शनिवार सुबह में टाउन लाइन को पानी की सप्लाई की जाएगी।
इंजीनियरों ने बताया कि इस वर्ष बिजली की अनियमित आपूर्ति की वजह से गर्मी में सबसे अधिक जलापूर्ति बाधित हुई है।
पिछले 20 वर्षों में यह पहला मौका है, जब बिजली की इतनी लचर व्यवस्था दिख रही है। इसमें सुधार नहीं हुआ तो बरसात में भी जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।