रांची: झारखंड के अधिकांश जिलों में गुरुवार से तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन में गर्मी का अहसास बढ़ेगा।
हालांकि, फिलहाल दो दिनों तक सुबह और रात के समय कोहरा व धुंध रहने से ठंड बरकरार रहेगी। इसके बाद रात में भी हल्की गर्मी महसूस होने लगेगी।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अफगानिस्तान में बना एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है।
इसके चलते उत्तर भारत में बर्फबारी होने पर झारखंड में भी इसका हल्का असर देखने को मिल सकता है।बुधवार को राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सरायकेला का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक था।
राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें मंगलवार की तुलना में क्रमशः 2.9 डिग्री और 1.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी गई।
ग्रामीण इलाकों में कांके का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो क्षेत्र में सर्दी की तीव्रता को दर्शाता है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड में कमी आने की संभावना है।