रांची: ग्रीष्मकालीन छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने रांची रेल मंडल से चलने वाली कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इससे प्रतीक्षा सूची में फंसे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
सोमवार को ट्रेन संख्या 18611 रांची-वाराणसी एक्सप्रेस में द्वितीय श्रेणी स्लीपर का एक अतिरिक्त कोच जोड़ा गया। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 18640 रांची-आरा एक्सप्रेस में भी स्लीपर क्लास का एक अतिरिक्त कोच जोड़ा गया है।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची रेल मंडल की अन्य ट्रेनों में भी आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कोच लगाने की योजना बनाई जा रही है। इससे त्योहारी व छुट्टियों के सीजन में यात्रियों को यात्रा में अधिक सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे की इस पहल से न केवल प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि सीट की उपलब्धता भी बढ़ेगी।